द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत के बाद NDA नेताओं के उत्साह में इजाफा देखने को मिल रहा है। इस जीत के बाद NDA नेता अब आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भी बड़ी जीत की उम्मीद जताने लगे हैं। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार तो बिहार है, इसे समझना होगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और BJP नेता मंगल पांडेय समेत अन्य नेताओं का कहना है कि दिल्ली की जीत तो महज एक झांकी थी, असली मुकाबला बिहार में होगा।दिल्ली में BJP निभाए अपने वादे
बताया जा रहा है कि बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान दिल्ली चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है। ऐसे में जो भी पार्टी जनता का समर्थन प्राप्त करती है, वही सत्ता में आती है। तेजस्वी ने BJP से यह भी अपेक्षा की कि वह अपने वादों को निभाएगी और महज बयानबाजी नहीं करेगी, क्योंकि वह 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है।
BJP को मिली प्रचंड जीत
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली चुनाव में BJP ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि BJP के साथ गठबंधन में शामिल नीतीश कुमार की JDU और चिराग पासवान की LJP (R) को हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली में BJP की जीत से बिहार में NDA के नेता उत्साहित हैं। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में NDA नेता दिल्ली के जैसे परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं।