logo

बिहार में शक्तिपीठों की उपेक्षा पर खेसारी लाल की बात का समर्थन, तेजस्वी बोले- सरकार ने किया प्रमोशन में लापरवाही

tejas666.png

पटना 

भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने बिहार के शक्तिपीठों और पर्यटन स्थलों को प्रमोट किए जाने की जरूरत पर जोर देते हुए सवाल उठाया है। खेसारी ने कहा कि बिहार में कुल 9 प्रमुख शक्तिपीठ हैं—पटना, गया, मुंगेर, सासाराम, सहरसा, छपरा, नवादा और नालंदा—जो हमारी संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रमाण हैं। लेकिन दुर्भाग्यवश, इनका सही तरीके से प्रचार नहीं किया गया है, जिसके कारण आज भी बहुत कम लोग इनकी जानकारी रखते हैं।
खेसारी लाल यादव ने नवरात्रि के मौके पर बिहारवासियों से अपील की कि वे अपने शहर के शक्तिपीठ का दर्शन करें और इसे दूसरों तक पहुंचाने में मदद करें। उन्होंने लिखा कि यदि इन स्थलों को सही से प्रमोट किया जाता, तो देश-विदेश से लोग बिहार आते और धार्मिक यात्रा के साथ पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ते। उनके अनुसार इससे होटल, गाइड, ट्रांसपोर्ट, हैंडिक्राफ्ट और स्थानीय खाद्य-संस्कृति जैसे कई क्षेत्र बढ़ सकते हैं।


अब खेसारी लाल यादव की इस अपील का समर्थन बिहार के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी किया है। तेजस्वी ने कहा, "खेसारी भाई की बात से पूरी तरह सहमत हूँ। बिहार में जितने अधिक ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं, उतने किसी अन्य राज्य में नहीं हैं।"
तेजस्वी ने अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि 17 महीनों की अपनी सरकार में उन्होंने पर्यटन विभाग का जिम्मा खुद लिया और देश-विदेश में बिहार के पर्यटन स्थलों का प्रमोशन किया। इसके परिणामस्वरूप 2023 में रिकॉर्ड तोड़ 8 करोड़ 21 लाख से अधिक पर्यटकों ने बिहार का भ्रमण किया, जिससे राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नया मील का पत्थर मिला। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में अभी भी बहुत कुछ किया जाना शेष है और इसे सभी मिलकर आगे बढ़ाएंगे। तेजस्वी ने अंत में बिहारवासियों को संदेश दिया, "निसंदेह, बिहार की संभावनाएँ असीम हैं। हमें इन्हें पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ाना होगा। जय बिहार, जय बिहारी!"


 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update