द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बेतिया रेलवे स्टेशन को अब एक नया और आधुनिक रूप मिलने वाला है, जो इसकी ऐतिहासिक धरोहर को भी संजोए रखेगा। मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन का नया डिजाइन बेतिया राज की ऐतिहासिक थीम पर आधारित होगा। साथ ही इसकी डिजाइन एयरपोर्ट की तर्ज पर तैयार की जाएगी, जिससे सुविधाएं भी विश्वस्तरीय होंगी। यह जानकारी रविवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद संजय जायसवाल ने दी। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।
बताया गया कि नई परियोजना के तहत स्टेशन भवन को पूरी तरह से तोड़ा जाएगा और इसकी जगह एक अत्याधुनिक इमारत बनाई जाएगी। इस दौरान एयरपोर्ट जैसे सुविधाओं और लुक को ध्यान में रखते हुए इसका नया नक्शा और डिजाइन जल्द ही तैयार किया जाएगा। इस बदलाव से न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि बेतिया स्टेशन की पहचान भी नई ऊंचाइयों पर पहुंच जाएगी।
