logo

Good news : महिला दिवस पर पढ़िए बिहार की 'वर्दी वाली बहनों' की कहानी, पेश की मिसाल

WhatsApp_Image_2022-03-08_at_12_56_47_(1).jpeg

पटना.
आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है। महिला सशक्तिकरण को लेकर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। संगोष्ठियां हो रही हैं। महिला अधिकारों को लेकर बड़ी-बड़ी बातें कही जा रही है। इस बीच बिहार के सारण जिले से 7 बहनों की प्रेरणादायी कहानी सामने आई है जो महिला सशक्तिकरण का उत्तम उदाहरण है। सारण जिले के एकमा गांव की रहने वाले ये बहनें मिसाल हैं। 

मामूली आटा कारोबारी थे पिता
एकमा गांव के रहने वाले राजकुमार सिंह पेशे से आटा चक्की चलाने वाले मामूली कारोबारी थे। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। राजकुमार सिंह के घर में एक-एक कर सात बेटियों ने जन्म लिया और फिर हुआ एक बेटा। सात बेटियों वाले पिता राजकुमार सिंह पर दबाव कि जल्द से जल्द बेटियों की शादी कर दो वरना  घर कैसे चलेगा, लेकिन बेटियों ने समय के साथ पिता का सर ऊंचा कर दिया। सातों बहनों ने बारी-बारी से किसी न किसी फोर्स को ज्वाइन करते हुए वर्दी धारण कर लिया।

पुलिस और अर्धसैनिक बल में कार्यरत
सभी बहनें राज्य पुलिस बल के अलावा अर्धसैनिक बल में समाज और देश सेवा की भावना से प्रेरित होकर देश सेवा करने लगी।  बच्चियों ने अपनी जिद और जुनून से अपना मुकाम हासिल कर लिया। बड़ी बहन रानी और उनसे छोटी रही रेणु ने पुलिस बल में आने के लिए गांव में ही शारीरिक अभ्यास शुरू किया। साल 2006 में रेणुका का एसएसबी में कांस्टेबल पद पर अंतिम रूप से चयन हो गया। 

दर्जनों लड़कियों ने ज्वाइन किया फोर्स
शादी होने के बावजूद वर्ष 2009 में बड़ी बहन ने बिहार पुलिस में कांस्टेबल पद का एग्जाम क्लियर कर लिया। देखते ही देखते बाकी पांच बहनें भी विभिन्न बलों में शामिल हो गईं। एक के बाद एक सभी बहनें एक दूसरे की प्रेरणा बनती चले गईं। सभी ने गांव के स्कूल में शिक्षा लेने और सेल्फ स्टडी और प्रैक्टिस की बदौलत नौकरियां हासिल कीं। बेटियां मां शारदा देवी के लिए गौरव बन गई हैं। इन सातों बहनों से प्रेरित होकर एकमा प्रखंड के दर्जनों गांव में लड़कियां फोर्स में गई हैं। 

कौन सी बहन किस बल में तैनात है
बहन कुमारी रानी सिंह बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस रोहतास, कुमारी पिंकी सिंह बिहार एंड स्पेशल आर्म्ड पुलिस में रोहतास, कुमारी रेनू सिंह एसएसबी गोरखपुर, कुमारी सोनी सिंह सीआरपीएफ दिल्ली, कुमारी रिंकी सिंह एक्साइज विभाग सीवान, कुमारी प्रीति सिंह क्राइम ब्रांच जहानाबाद और कुमारी नन्हें सिंह पटना जंक्शन पर जीआरपी में तैनात हैं। सातों बहनों में रानी रेणुऔर कुमारी सोनी की शादी हो चुकी है। सच तो यह हैं कि कभी रिश्तेदारों से ताने सुनने वाली लडकियां पूरे राज्य में मिसाल कायम कर चुकी हैं।