गोड्डा:
Godda News: गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 10 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या और सिर धड़ से अलग किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य हत्याकांड पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने फेसबुक पर प्रतिक्रिया साझा करते हुए गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने घटना को हृदयविदारक और भयावह बताते हुए झारखंड की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

बाबूलाल मरांडी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही बच्ची को उठाकर ले जाना और फिर इस तरह की नृशंस वारदात को अंजाम देना झारखंड की बदहाल कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है और सरकार की जवाबदेही कहीं नजर नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बजाय अवैध कारोबारों में वसूली और उगाही तक सीमित रह गई है। बाबूलाल मरांडी ने गोड्डा पुलिस से इस जघन्य हत्याकांड की अविलंब निष्पक्ष जांच करने और दोषियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

घर से गायब हुई बच्ची, खेत में मिला धड़ और 500 मीटर दूर सिर
डहुआ गांव में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान दरवाजे की आवाज सुनकर बच्ची के माता-पिता की नींद खुली। उन्होंने देखा कि बच्ची अपने बिस्तर पर नहीं है। बाहर खोजबीन करने पर घर के दरवाजे के पास उसका कंबल मिला, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान घर की बिजली भी काट दी गई थी। इसके बाद ग्रामीणों और पंचायत की मुखिया सोनी मुर्मू को मामले की जानकारी दी गई। मुखिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर ललमटिया पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महागामा एसडीपीओ वरुण रजक, मेहरमा इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो, ललमटिया इंस्पेक्टर रूबी मिंज और थाना प्रभारी रौशन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

घर के पीछे खेत में मिला बच्ची का धड़, 500 मीटर दूर बरामद हुआ सिर
पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों तक बच्ची की तलाश की। इसी दौरान घर के पीछे खेत में बच्ची का धड़ बरामद हुआ। शुरुआती तलाशी में सिर नहीं मिलने के बाद आसपास के खेतों में सघन खोजबीन की गई। घंटों की मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर खेत से बच्ची का सिर भी बरामद किया गया।
गांव में दहशत, आरोपी की तलाश में छापेमारी
घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।