भागलपुर:
बिहार में आए दिन ट्रेन में चलती ट्रेन में चोरी की वारदात (Theft in a moving train) सामने आती है। ताजा मामला भागलपुर का है। यहां चलती ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे चोरों को यात्रियों ने धर दबोचा। भागलपुर में भी चलती ट्रेन से लटक रहे चोर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर चलती ट्रेन की गेट से बाहर लटक रहा है और अंदर से यात्रियों ने उसे पकड़ रखा है। बाद में उसे लोगों ने अंदर खींच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह घटना जमालपुर साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन (Jamalpur Sahibganj Passenger Train) की है। बता दें कि ऐसा एक मामला पहले बेगूसराय से पहले सामने आ चुका है।

पहले 5 कि.मी तक चोर को लटका कर रखा
जमालपुर से साहिबगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन में चोरी करना चोर को महंगा पड़ गया। चोर को लोगों ने पहले 5 किमी तक लटका कर रखा उसके बाद उसे अंदर लेकर उसकी बहुत पिटाई की। जानकारी के मुताबिक चोर ट्रेन खुलने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही ट्रेन खुली उसने मोबाइल के लिए झपट्टा मार दिया। समय रहते यात्री ने चोर को दबोच लिया और चलती ट्रेन में उसे लटकाए रखा। इस दौरान चोर यात्रियों से गुहार लगा रहा था कि वो हाथ न छोड़ें नहीं तो वह मर जाएगा। इसके बाद चोर को अंदर खींचकर उसकी जमकर पिटाई की गई।

पैसेंजर ने बना लिया वीडियो
मिली जानकारी के मुताबिक चोर को भागलपुर के लैलख स्टेशन से 5 किमी तक यात्रियों ने लटका कर रखा। किसी पैसेंजर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। यात्रियों का कहना है कि लोगों के चंगुल में फंसे चोर के सहयोगी ने उसे बचाने के लिए लोगों पर चाकू और पत्थर से कई बार हमला भी किया। बताया जा रहा है कि उसे लोगों ने कहलगांव में आरपीएफ के हवाले किया है। हालाकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरपीएफ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।