वैशाली:
बिहार के वैशाली में पेट्रोल टैंकर फटने से तीन लोगों की मौत हो गई है। हादसा हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 (Hajipur-Muzaffarpur NH 22) पर हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार वेल्डिंग करवाने के दौरान यह विस्फोट हुआ। जिसमें ड्राइवर,खलासी,और वेल्डिंग मिस्त्री की जान चली गई है। वहीं कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का महौल है। घटना की जानकारी पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी गई है।

वेल्डिंग करवाने के दौरान हुआ विस्फोट
स्थानीय लोगों ने बताया की विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के सभी लोग अपने घर से बाहर आ गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। गाड़ी हाजीपुर से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर गाड़ी रोक टैंकर को वेल्डिंग करवाने लगा। इस दौरान टैंकर फट गया। विस्फोट में तेल टैंकर दो हिस्से में बिखर गया। इसी दौरान तीन लोग इसकी चपेट में आ गये। इससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरा मच गया। बता दें कि हादसे के बाद एनएच 22 पर जाम लग गया है। आवागमन पूरे तरीके से ठप है।