सारण
सारण जिले के दिघवारा प्रखंड में शनिवार को गंगा नदी में नहाने गई चार बच्चियां डूब गईं। इस दर्दनाक हादसे में तीन सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि चौथी बच्ची गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। मृतक बच्चियों में 11 वर्षीय गुंजन कुमारी, 9 वर्षीय सपना कुमारी और 7 वर्षीय तुरनी कुमारी शामिल हैं। चौथी बच्ची, लखमुनि कुमारी, को स्थानीय लोगों की मदद से पतलापुर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है।

घटना के समय चारों बच्चियां घर से नदी में स्नान करने गई थीं। अचानक गहरे पानी में जाने के कारण वे डूबने लगीं। पास के ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीन बच्चियों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी तट पर सुरक्षा प्रबंध की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
