द फॉलोअप डेस्क
पूर्णिया जिले में बीते मंगलवार को एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसने दो परिवारों को गहरे शोक में डाल कर रख दिया है। कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर चौक के पास तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने सीएनजी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, इस घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जीएमसीएच अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग उन्हें बचाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। .jpeg)
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के 25 वर्षीय देवचरण ऋषि और 35 वर्षीय मरंगा गंगेली निवासी प्रवीण ऋषि के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान हीरा लाल मंडल, बादलपुर हरदा निवासी हीरो ऋषि, उनकी पत्नी आकाशी देवी और साली अंजलि कुमारी के रूप में हुई हैं।
घायल हीरो ऋषि ने घटना को लेकर बताया कि वह अपनी पत्नी और साली के साथ खेरिया स्थित ससुराल जा रहे थे। इसी क्रम में मूसापुर चौक पर कुरसेला की ओर से आ रहे ट्रक ने अचानक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई।