पटना/बिहार
पटना में बिहार पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार की अहले सुबह पटना के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने शिक्षक से लूटपाट और गोलीबारी की घटना में शामिल दो अपराधियों को पकड़ लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि दूसरा आरोपी मौके से भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार घायल अपराधी की पहचान संदीप उर्फ बादल के रूप में हुई है। वहीं उसके साथी प्रिंस कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और कई मामलों में इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

अपराधी के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में मौजूद होने की मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि 13 मई को शिक्षक को गोली मारने वाले अपराधी ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस अपराधियों के करीब पहुंची बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोली पुलिस की जिप्सी पर लगी हालांकि सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान संदीप उर्फ बादल के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। वहीं दूसरा आरोपी प्रिंस कुमार भागने लगा लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे भी दबोच लिया। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पटना SSP राज किशोर सिंह ने क्या बताया?
पटना SSP राज किशोर सिंह ने बताया कि 13 मई की सुबह करीब साढ़े चार बजे नालंदा जिले के चंडी स्थित सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक शंभू कुमार अपनी महिला सहकर्मी वीणा कुमारी के साथ स्कूल जाने के लिए निकले थे। दोनों पटना के भगवत नगर इलाके से पैदल बस पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान भूतनाथ रोड के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उनसे लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने शिक्षक शंभू कुमार को गोली मार दी जिससे उनकी बांह में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। पटना पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन लंगड़ा के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है। हाल के दिनों में बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है, जिससे अपराधियों में डर का माहौल देखा जा रहा है।