logo

NDA के सीट बंटवारे से खफा दिखे उपेंद्र कुशवाहा, सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक पोस्ट

KUSHWAHA2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजनीति में गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर जहां एक तरफ इंडिया महागठबंधन में बात नहीं बन रही है, वहीं दूसरी ओर NDA में भी काफी विवाद के बाद सीट बंटवारे का मुद्दा सुलझा है। लेकिन इस सीट बंटवारे से RLM प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपना दुख साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने एक भावुक संदेश लिखकर अपने समर्थकों के लिए दुख प्रकट किया है।

इसमें उन्होंने कहा है कि "प्रिय मित्रों/साथियों, आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों - लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परन्तु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे। किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अन्दर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है।"
उन्होंने अपने इस पोस्ट में आगे लिखा "आपसे विनम्र आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना ही। सधन्यवाद। आपका, उपेंद्र कुशवाहा।"
आपको बता दें कि NDA ने कल सीट को बंटवारे कि घोषणा की थी जिसमें, BJP को 101 सीटें, JDU को 101 सीटें, LJP(R) को 29 सीटें, RLM को 6 और HAM पार्टी को 6 सीटें मिली थी। कुशवाहा ने 15 सीटों की मांग रखी थी, लेकिन उन्हें केवल 6 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। और इसलिए वे काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं। NDA में सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी यह कोई नई बात नहीं है, इससे पहले चिराग पासवान और जीतनराम मांझी भी काफी नाराज थे। जिसे मनाने के लिए भाजपा को काफी पापड़ बेलने पड़े थे।

Tags - bihar news bihar election bihar khabar bihar update bihar trending news bihar politics news NDA news BJP news india alliance news RLM news upendra kushwaha news seat sharing