द फॉलोअप डेस्क
बिहार में रामनवमी में शुरू हुई हिंसा आज चौथा दिन भी शांत नहीं हुई है। सोमवार की अहले सुबह भी सासाराम में बमबाजी की घटना हुई है। मामला नगर थाना क्षेत्र के मोची टोला मोहल्ले का है। धमाके के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे यहां एक घर में बम फेंका गया। हालांकि इससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद से इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं SSB जवानों ने बमबाजी की घटना के बाद मुहल्ले में फ्लैग मार्च निकाला। सासाराम में फिलहाल इंटरनेट बंद है। साथ ही स्कूल बंद करने के भी आदेश दिए गए है। वहीं नालंदा की बात करें तो 4 अप्रैल तक वहां इंटरनेट के साथ स्कूल-कॉलेज भी बंद करने के आदेश दिए गए है।

सासाराम में 32 लोग गिरफ्तार
मामले को लेकर स्टेशन हाउस ऑफिसर संतोष कुमार ने बताया, "हमें लोगों द्वारा बताया गया कि किसी चीज़ की आवाज़ आई है। घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि वहां पटाखा जैसी कुछ आवाज़ आई थी। इसके अतिरिक्त कुछ विशेष बात नहीं है।" बता दें कि इस मामले में अबतक सासाराम में 32 लोगों की गिरफ्तारी हो गई है। घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प
जानकारी हो कि रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान बिहार के 5 जिले रोहतास, नालंदा, भागलपुर, गया और मुंगरे में हिंसक झड़प हुई है। इस घटना के बाद पुलिस फोर्स तैनात की गई है। सासाराम में फिलहाल 5 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं नालंदा में धारा 144 लागू है। इंटरनेट बंद है। गया और भागलपुर में फोर्स की तैनाती की गई है। मुंगेर में भी शनिवार को हिंसा की वारदात सामने आई थी।