मोकामा/गोपालगंज:
बिहार विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव (By-elections to be held on two seats of Bihar Legislative Assembly) के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। ताजा जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे तक गोपालगंज में 11.57 फीसदी मतदान होने की सूचना है। वहीं मोकामा में 9.37 प्रतिशत मतदान होने की सूचना है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में CRPF के जवान को तैनात किया गया है। मतदान शाम 6 बजे तक होगा। दोनों ही सीटों पर सीधी लड़ाई BJP बनाम RJD है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 619 मतदान केंद्र बनाए गए है। जिसमें गोपालगंज में 330 वहीं मोकामा में 289 है। मतदान वाले क्षेत्र में धारा 144 लगाई गई है।दोनों ही जगह पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी है। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि मतदान शुरू होने से पहले दोनों जगहों पर चुनाव कर्मियों ने सारी तैयारियों का जायजा लिया। दोनों जगहों पर संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है। सभी बूथों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। टाल के इलाके में माउंटेड मिलिट्री पुलिस की भी तैनाती की गई है।

ये लोग हैं मैदान में
बता दें कि मोकामा से बीजेपी उम्मीदवार सोनम देवी का मुकाबला बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी से है। वहीं गोपालगंज से बीजेपी ने कुसुम देवी को चुनावी मैदान में उतारा है वहीं आरजेडी ने मोहन कुमार गुप्ता के अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं बसपा ने बड़ा दाव खेलते हुए लालू यादव के साले साधु यादव पत्नी इंदिरा यादव को चुनाव में उतार कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।