द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के खेत में आज एक महिला का शव बरामद किया गया है। जिले के बगहा नगर के वार्ड नंबर 19 बनकटवा बगीचा टोला के धुरवा सरेह में रमेश चौधरी के गन्ना के खेत में यह शव पुलिस ने बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार मृत महिला के गले में फांसी लगे जैसे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका साहब यादव की 27 वर्षीय पत्नी सीमा देवी है। वहीं मृतका का मायका चौतरवा थाना के पतिलार गांव में है। ससुराल के लोगों ने बताया कि पति पत्नी में विवाद हुआ उसके बाद सीमा ने फांसी लगा ली। लेकिन मृतका का शव गन्ने के खेत तक कैसे पहुंचा यह बड़ा सवाल बन गया है। वहीं मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। और कहा है कि महिला की हत्या कर शव को छुपाने के उद्देश्य से गन्ने के खेत में फेक दिया गया। 
मृतका के चाचा रामजतन यादव ने बातचीत मने कहा कि 9 साल पहले सीमा की शादी मदरहवा निवासी साहब यादव कराई गई थी। जो कि अब नगर के वार्ड 19 बगीचा टोला मे घर बनाकर रहते हैं। इसी बीच आज मंगलवार की सुबह खबर मिली कि ससुराल वालों ने सीमा की हत्या कर दी है। हम सब जब वहां पहुंचे तो सीमा के ससुराल में न सीमा थी और न ही उनके ससुराल वाले। लोगों के बताए अनुसार जब बगल के गन्ने के खेत में छानबीन की गई तो सीमा की लाश पड़ी मिली। उसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बता दें कि सीमा के तीन बच्चे भी है और ससुराल वाले तीनों बच्चों सहित घर से गायब हैं। 
इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि ससुराल वालों के द्वारा सीमा की हत्या कर उसके शव को छुपाने के उद्देश्य से गन्ने के खेत में फेंक दिया गया था। जांच के दौरान नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि सीमा के गले पर काला निशान है जिससे प्रथम दृष्ट्या हत्या का ही मामला प्रतीत होता है। वहीं उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अन्य खुलासे किए जा सकेंगे। पुलिस की तरफ से गहन जांच की जा रही है।