logo

बांका में मुख्यमंत्री रोजगार योजना के नाम पर महिलाओं से ठगी, कई से एक-एक हजार रुपये वसूले गए

BANKA.jpg

बांका
जिले के अमरपुर प्रखंड में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। नगर पंचायत क्षेत्र के डुमरामा मोहल्ला की महिलाओं ने मोहल्ले की ही संध्या भट्टाचार्य पर पैसे लेने का आरोप लगाया है। दर्जनों महिलाएं शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं और जमकर विरोध-प्रदर्शन करते हुए बीडीओ से न्याय की गुहार लगाई। महिलाओं का आरोप है कि संध्या भट्टाचार्य, जो एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ी बताई जाती हैं, ने उन्हें योजना के तहत दस हजार रुपये मिलने का झांसा दिया था। इसके एवज में हर महिला से एक-एक हजार रुपये वसूले गए। लेकिन वादे के मुताबिक राशि खाते में नहीं आने पर जब महिलाएं स्पष्टीकरण मांगने पहुंचीं, तो संध्या ने अभद्र व्यवहार किया और राजनीतिक रसूख दिखाते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।


पीड़ित महिलाओं में बेबी देवी, सुलेखा देवी, आशा देवी, मंजू देवी, सोनी देवी समेत कई नाम शामिल हैं। इनका कहना है कि संध्या भट्टाचार्य पहले भी इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी हैं।
दूसरी ओर, आरोपों पर सफाई देते हुए संध्या भट्टाचार्य ने कहा कि डुमरामा मोहल्ला की कुछ महिलाएं दुर्भावना से ग्रस्त होकर उनके खिलाफ झूठा प्रचार कर रही हैं। बीडीओ प्रतीक राज ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने जीविका बीपीएम को जांच सौंपते हुए पीड़ित महिलाओं को थाना में आवेदन देने को कहा है, ताकि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi