द फॉलोअप डेस्क
बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडल अंतर्गत कुरई गांव में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई (सोहनी) के लिए जा रही आठ महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। इस हादसे में मंगरी देवी (45), प्रमशिला देवी (45) और कुमारी देवी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों महिलाएं कुरई गांव के दणीयलपुर टोले की रहने वाली थीं।
घटना में घायल महिलाओं की पहचान गीता देवी (40), जानकी देवी (45), कुंती देवी (40), मीरा देवी (35) और पुष्पा देवी (40) के रूप में हुई है। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहनिया थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी और अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान मृतकों के परिजन आक्रोशित हो उठे और तत्काल मुआवजे की मांग करने लगे। अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेजा गया। मोहनिया थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं की जान गई है, जबकि पांच महिलाएं झुलस गई हैं। सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि इन दिनों मॉनसून थोड़ा कमजोर है, लेकिन मौसम विभाग की ओर से राज्य के कई जिलों में वज्रपात (ठनका) की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने खेतों और खुले मैदानों में काम कर रहे लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम में खुले में न रहने की अपील की है।
