द फॉलोअप डेस्क
बिहार में ठंड का असर अब कम होने लगा है। मौसम विभाग की माने तो 5 फरवरी तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और दिन के समय हल्की गर्मी का अनुभव हो सकता है। हालांकि, रात के समय प्रदेश में ठंड का असर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 6 फरवरी के आसपास मौसम में बदलाव हो सकता है, जिससे ठंड के लौटने की संभावना है। इस दौरान विशेष रूप से भागलपुर और पूर्वी बिहार के जिलों में तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के 14 जिलों में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में घने कुहासे के चलते विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पटना मौसम केंद्र ने यह भी बताया कि अगले सप्ताह बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं, पिछले 24 घंटे में बांका और समस्तीपुर के पूसा में तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जो बिहार के अन्य हिस्सों की तुलना में सबसे कम था। हालांकि, औरंगाबाद में 30.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म तापमान दर्ज किया गया।