logo

बरेव गांव में पेड़ से बंधा मिला युवक का शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

nalanda_murder.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड में आज एक युवक का शव पेड़ से बंधा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बरेव गांव के पास खेत में मिली इस लाश के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बरेव गांव निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार उर्फ मंटू सिंह के रूप में हुई है। वह सोमवार देर शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान आज मंगलवार को घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में उसका शव बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार, राजेश की पहले गला दबाकर हत्या की गई, फिर उसके गले में गमछा बांधकर उसी से उसके पैर भी बांध दिए गए। शव बेल के पेड़ से बंधा हुआ मिला। गर्दन पर मिले निशान गला दबाने की आशंका को और मजबूत करते हैं। परिजनों का कहना है कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, बावजूद इसके इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। साथ ही खोजी कुत्तों की मदद से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Tags - Nawada murder caseAkbarpur block incidentBarev village dead bodyBody found tied to treeSuspicious death of युवक (man)Rajesh Kumar alias Mantu SinghStrangulation murder suspicionBihar crime newsDead body found in fieldPolice investigation underway