logo

IIT-ISM के स्टूडेंट्स को अभिनेता अक्षय कुमार ने सुनाये रियल लाइफ हीरो जसवंत सिंह गिल के किस्से 

FILM.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 
मिशन रानीगंज: द ग्रेट भारत रेस्क्यू, ये उस फिल्म का नाम है जो कोयलांचल धनबाद के रियल हीरो जसवंत  सिंह गिल के जीवन पर बनी है। इस फिल्म में अक्षय कुमार ने जसवंत सिंह गिल की भूमिका निभायी है। बता दें कि अक्षय कुमार की ये फिल्म छह अक्टूबर से सिनेमाघरों में दिखायी जायेगी। हाल में अक्षय कुमार ने इंस्टा पर जसवंत सिंह गिल की तस्वीर शेयर की थी। जिसमें वे ISM की बिल्डिंग के सामने खड़े हैं। इस फिल्म के रिलीज के मौके पर अक्षय कुमार IIT-ISM के छात्रों से ऑनलाइन मुखातिब हुए। अभिनेता अक्षय कुमार ने छात्रों से लगभग एक घंटे तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने छात्रों के सवालों के  जवाब दिये औऱ सिनेमा के बारे में अपने निजी अनुभव शेयर किये। इस दौरान अक्षय ने बताया कि समय मिलने पर वे कम से कम एक बार IIT-ISM के स्टूडेंट्स से मिलने जरूर आयेंगे। कहा कि उनके पिता उनको इंजीनियर बनाना चाहते थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। 

क्यों लोकप्रिय हैं जसवंत सिंह गिल 

बता दें कि जसवंत सिंह गिल धनबाद IIT-ISM के 1961-65 बैच के छात्र थे। 1989 में वे रानीगंज कोल प्रोजेक्ट में पोस्टेड थे। उस समय वहां एक खदान के धंस जाने से उसके अंदर 65 मजदूर फंस गये थे। तब जसवंत सिंह गिल ने अपनी तकनीक से अकेले ही 65 श्रमिकों की जान बचायी थी। श्रमिकों की जान बचाने के लिए उन्होंने एक ढ़ाई किलमीटर लंबा कैप्सूल बनाया था। गिल इस कैप्सूल से नीचे जाते और हर बार एक मजदूर को उससे बाहर निकाल ले आते। इस तरह उन्होंने अकेले ही 65 मजदूरों की जान बचायी थी, जो कोयला खदान के अंदर फंसे हुए थे। फिल्म मिशन रानीगंज: द ग्रेट भारत रेस्क्यू उन्हीं जसवंत सिंह गिल के जीवन पर आधारित फिल्म है।  गिल को उनकी सूझबूझ औऱ बहादुरी के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति रामास्वामी वेंकटरमण ने सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से नवाजा था। वहीं गिल को कोल इंडिया ने लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया था। 

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N