logo

तुझ से नाराज नहीं जिंदगी...के सिंगर घोषाल नहीं रहे, सत्यजीत रे की इस फिल्म में भी दी थी आवाज

GHOSAL.jpg


द फॉलोअप डेस्क 

तुझ से नाराज नाराज नहीं जिंदगी, के सिंगर अनुप घोषाल का कोलाकाता में निधन हो गया है। उन्होंने  77 की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके परिवार ने बताया कि वे मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट थे। घोषाल के निधन पर सीएम ममता बनर्जी ने शोक संवेदना जाहिर की है। घोषाल के निधन से बांग्ला और हिंदी सिनेमा जगत में भी शोक है। 1945 में जन्म लेने वाले घोषाल ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपनी मां से ली थी। बाद में उन्होंने शास्त्रीय संगीत सीखा और रविंद्र भारती विश्वविद्यालय में शास्त्रीय संगीत में ही टॉपर भी बने। उन्होंने कोलकाता रेडियो में लंबे समय तक गाया। 

इस तरह हुई करियर की शुरुआत
महज 19 साल की उम्र में वे पहली बार एक बांग्ला फिल्म से बतौर प्ले बैक सिंगर के रूप में जुड़े। बाद में आवाज और शास्त्रीय संगीत पर उनकी पकड़ से विश्व प्रसिद्ध निर्देशक सत्यजीत राय भी प्रभावित हुए। राय ने उनको अपनी फिल्म ‘गूपी गाइन बाघा बाइन’ में गाने का मौका दिया। इस फिल्म के गाने इतने लोकप्रिय हुए घोषाल का नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री, मुंबई में भी जाना जाने लगा। इसके बाद घोषाल ने कई हिंदी फिल्मों के लिए भी गाने गये। इसमें सबसे अधिक गुलजार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मासूम’ का गाना- तुझ से नाराज नहीं जिंदगी, हिट हुआ। घोषाल ने हिंदी फिल्मों के लिए ‘हुस्न भी आप हैं, इश्क भी आप हैं’ और ‘तुम साथ हो जिंदगी भर’ जैसे लोकप्रिय गाने गाये। 

तृणमूल के टिकट पर विधायक भी बने 

बांग्ला और हिंदी फिल्म में लोकप्रिय होने के साथ घोषाल राजनीति में भी सक्रिय रहे। कुछेक सामाजिक संगठनों से भी जुड़े रहे। उनके सामाजिक और राजनीतिक सरोकारों का पता इसी से चलता है कि उन्होंने साल 2011 के चुनाव में विधानसभा के लिए चुनाव लड़ा। तृणमूल कांग्रेस ने उनको उत्तरपाड़ा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया। घोषाल इस चुनाव में जीते भी। लेकिन इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। घोषाल ने बांग्ला, हिंदी फिल्मों के साथ असमिया औऱ कुछ भोजपुरी फिल्मों के लिए गाने गाये हैं।