logo

रायरंगपुर से रायसीना : बतौर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को कितनी सैलरी मिलेगी, उनकी शक्तियां और सुविधायें क्या होंगी! 

a150.jpg

डेस्क: 

द्रौपदी मुर्मू देश की नई राष्ट्रपति होंगी। द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में अपने प्रतिद्वंदी यशवंत सिन्हा को हराया। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को वोटिंग हुई थी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। इसके अगले दिन यानी 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। दरअसल 25 जुलाई 1977 को नीलम संजीव रेड्डी ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इसके बाद से ही नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को ही शपथ लेते आ रहे हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च पद होता है।

देश का प्रथम नागरिक होता है भारत का राष्ट्रपति
राष्ट्रपति देश का प्रथम नागरिक भी होता है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बिना कोई भी कानून लागू नहीं होता। इस वीडियो स्टोरी में जानेंगे कि भारत के राष्ट्रपति को क्या सुविधाएं मिलती है। उनकी सैलरी कितनी होती है। उनके पास कौन-कौन सी शक्तियां होती है। 

राष्ट्रपति को प्रतिमाह 5 लाख रुपये सैलरी मिलती है
गौरतलब है कि साल 2018 तक राष्ट्रपति को प्रतिमाह डेढ़ लाख रुपये की सैलरी मिलती थी। 2018 से इसे बढ़ाकर 5 लाख रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। यही नहीं। राष्ट्रपति को फ्री मेडिकल, टेलीफोन बिल, आवास और बिजली सहित कई अन्य सारे भत्ते भी मिलते हैं। 

ढाई लाख रुपये प्रतिमाह पेंशन के रूप में मिलते हैं
जब राष्ट्रपति सेवानिवृत्त होते हैं तो उनको सैलरी का आधा हिस्सा यानी ढाई लाख रुपये प्रतिमाह पेंशन के रूप में दिए जाते है। राष्ट्रपति को रिटायरमेंट के बाद रेंट फ्री बंगला मिलता है। 2 मोबाइल फोन और लाइफटाइम फ्री इलाज की सुविधा मिलती है। पूर्व राष्ट्रपति को एक सहयोगी के साथ ट्रेन या हवाई मार्ग से यात्रा करने की सुविधा भी दी जाती है। 

86 प्रेसिडेंशियल बॉडीगार्ड करते हैं राष्ट्रपति की सुरक्षा
राष्ट्रपति की आवाजाही के लिए मर्सिडीज बेंज एस 600 पूलमन गार्ड गाड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। राष्ट्रपति के पास स्पेशल गार्ड होते हैं जिनको प्रेंसिडेंशियल बॉडीगार्ड कहा जाता है। इनकी संख्या 86 होती है। राष्ट्रपति देश के अंदर या विदेश यात्राओं के लिए एय़रफोर्स-1 नामक विमान का इस्तेमाल करते हैं। प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति भी इसी विमान का इस्तेमाल करते हैं।

नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में रहते हैं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन में रहते हैं। इसे औपनिवेशिक काल में ब्रिटिश वायसराय के लिए बनाया गया था। इसे बनाने में 17 साल का लंबा वक्त लगा था। राष्ट्रपति भवन 1929 में बनकर तैयार हुआ था। इस भवन को एडवर्ड लुटियंस और हरबर्ट बेकर ने बनाया था। राष्ट्रपति भवन 320 एकड़ में फैला हुआ है। ये 4 मंजिला भवन है जिसमें 340 कमरे हैं। यहां राष्ट्रपति भवन की इमारत के अलावा मुगल गार्डन और कर्मचारियों का आवास भी है। मुगल गार्डन 15 एकड़ में फैला है। 

तीनों सेनाओं का सर्वोच्च कमांडर होता है राष्ट्रपति
राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च राष्ट्राध्यक्ष होता है। राष्ट्रपति तीनों सेनाओं का सर्वोच्च कमांडर भी होता है। राष्ट्रपति का प्रमुख संवैधानिक दायित्व प्रधानमंत्री की नियुक्ति करना तथा प्रधानमंत्री की अनुशंसा पर कैबिनेट मंत्रियों की नियुक्ति करना है। राष्ट्रपति का दायित्व संविधान का संरक्षण करना भी होता है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बिना कोई भी बिल पास नहीं किया जा सकता। 

राष्ट्रपति के मुख्य संवैधानिक दायित्व क्या-क्या हैं! 
राष्ट्रपति वित्त विधेयक को छोड़कर बाकी सभी विधयकों को पुनर्विचार के लिए भेज सकते हैं। संविधान के अनुच्छेद 72 के तहत राष्ट्रपति दोषी ठहराए गये किसी व्यक्ति की सजा माफ, निलंबित या कम कर सकते हैं। फांसी की सजा पाये व्यक्ति के मामले में अंतिम निर्णय राष्ट्रपति को ही लेना होता है। भारत के चीफ जस्टिस, राज्य के हाईकोर्ट के न्यायाधीश, राज्यपाल तथा चुनाव आयुक्त और राजदूतों की नियुक्ति भी राष्ट्रपति करते हैं।

 
अनुच्छेद 352 के तहत राष्ट्रपति गृहयुद्ध, सशस्त्र विद्रोह अथवा बाहरी आक्रमण के समय देश में आपातकाल की घोषणा कर सकते हैं। अनुच्छेद 356 के तहत किसी राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा सकते हैं यदि उस राज्य में संवैधानिक व्यवस्था फेल हो गई हो तो।