logo

झारखंड में नियमित मुख्य न्यायाधीश के लिए CM हेमंत ने CJI को लिखी चिट्ठी

झारखंड में नियमित मुख्य न्यायाधीश के लिए CM हेमंत ने CJI को लिखी चिट्ठी

रांची: 
Ranchi News:
झारखंड हाईकोर्ट में नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहल की है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम से जल्द नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की अनुशंसा करने का आग्रह किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) समेत कॉलेजियम के चार अन्य वरिष्ठ न्यायाधीशों को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा है कि झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके बावजूद अब तक उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं हुई है। साथ ही, किसी न्यायाधीश को अग्रिम रूप से झारखंड हाईकोर्ट में स्थानांतरित भी नहीं किया गया है।

हाईकोर्ट में नेतृत्व की निरंतरता पर उठाया सवाल
हेमंत सोरेन ने पत्र में झारखंड हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के पद पर नेतृत्व की निरंतरता का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर 2022 को जस्टिस रवि रंजन की सेवानिवृत्ति के बाद 9 जनवरी 2026 तक हाईकोर्ट में चार मुख्य न्यायाधीश रहे। इनमें एक मुख्य न्यायाधीश का कार्यकाल महज पखवाड़े भर का था। इस अवधि में तीन बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी नियुक्त करने पड़े।


कॉलेजियम की नीति का दिया हवाला
मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के 26 फरवरी 2026 के निर्णय का भी हवाला दिया। इस निर्णय में मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होने से करीब दो महीने पहले ही भावी मुख्य न्यायाधीश को स्थानांतरित करने की नीति की बात कही गई थी। उन्होंने कॉलेजियम से जल्द नियमित मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की अनुशंसा करने का आग्रह किया, ताकि झारखंड हाईकोर्ट का न्यायिक प्रशासन स्थिर और नियमित नेतृत्व में संचालित हो सके। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के अलावा सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस बीवी नागरत्ना, जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीएस नरसिम्हा को भी पत्र भेजा है।

Tags - Hemant SorenJharkhand High CourtChief Justice AppointmentSupreme Court CollegiumJudicial Administration