logo

होटवार जेल में बंदी से सामूहिक यौन हिंसा के आरोप, बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत सोरेन से की CBI जांच की मांग

होटवार जेल में बंदी से सामूहिक यौन हिंसा के आरोप, बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत सोरेन से की CBI जांच की मांग

रांची: 
Ranchi News: रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में एक पूर्व विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा का मामला सामने आने के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने और जेल प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि जेल में बंदी के साथ तीन बार सामूहिक यौन हिंसा की गई। उसे कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाया गया, शिकायत दबाने की कोशिश हुई और उपचार से भी वंचित रखा गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में खेलगांव थाना में कांड संख्या 0066/2026, दिनांक 12 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारियों, चिकित्सा अधिकारी और अन्य व्यक्तियों सहित 19 आरोपित प्रविष्टियां हैं।

पहले भी होटवार जेल की घटनाओं पर उठा चुके हैं सवाल
बाबूलाल मरांडी ने पत्र में कहा है कि उन्होंने पहले भी कई बार होटवार जेल में कथित अनियमितताओं और गंभीर घटनाओं को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बावजूद शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मई 2026 में इसी जेल की एक महिला बंदी के कथित यौन शोषण के मामले का भी उल्लेख किया। मरांडी के अनुसार, इस मामले को उठाए जाने के बाद झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था। 8 जून 2026 के आदेश में अदालत ने जेल IG की ओर से प्रस्तुत जांच और राज्य की जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर असंतोष व्यक्त किया था।

जेल IG सुदर्शन प्रसाद मंडल की भूमिका पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने जेल महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल की भूमिका और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब जेल प्रशासन के शीर्ष अधिकारी की भूमिका और उनकी निगरानी में हुई घटनाएं ही जांच के दायरे में हों, तो राज्य की पुलिस से निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की उम्मीद कैसे की जा सकती है? उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट की प्रतिकूल टिप्पणियों के बावजूद जेल IG के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में उनकी जवाबदेही और संभावित संरक्षण की भूमिका की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।

FIR दर्ज करने में आठ दिन की देरी पर भी सवाल
बाबूलाल मरांडी ने प्राथमिकी दर्ज करने में हुई देरी पर भी सवाल उठाया है। उनके पत्र के अनुसार, पुलिस को इस मामले की सूचना 4 नवंबर को मिली थी, जबकि प्राथमिकी 12 नवंबर 2026 को दर्ज की गई। उन्होंने सूचना मिलने और FIR दर्ज होने के बीच आठ दिनों के अंतर का स्पष्ट कारण बताने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने सामूहिक यौन हिंसा के आरोपों के अनुरूप प्राथमिकी में दर्ज कानूनी धाराओं की पर्याप्तता की भी समीक्षा करने की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी की सरकार से प्रमुख मांगें
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बाबूलाल मरांडी ने कई मांगें रखी हैं। इनमें वर्तमान सामूहिक यौन हिंसा प्रकरण, मई 2026 के महिला बंदी प्रकरण और होटवार जेल की पूर्ववर्ती घटनाओं की व्यापक जांच CBI से कराने की मांग प्रमुख है। उन्होंने जेल के संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और जेल IG सुदर्शन प्रसाद मंडल को पद से हटाकर निलंबित करने की मांग की है। साथ ही उनकी भूमिका की स्वतंत्र जांच कराने की बात कही है। मरांडी ने मामले में आरोपित बंदियों को दूसरे कारागारों में स्थानांतरित करने की मांग भी की है, ताकि गवाहों और साक्ष्यों को प्रभावित किए जाने की आशंका को रोका जा सके। इसके अलावा उन्होंने जेल IG की घोषित और वास्तविक संपत्तियों, अन्य राज्यों में संभावित निवेश, वित्तीय लेनदेन और आय से अधिक संपत्ति के पहलुओं की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने CID की संभावित मिलीभगत या दोषियों को संरक्षण देने की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

मुख्यमंत्री की प्रशासनिक जवाबदेही पर भी सवाल
बाबूलाल मरांडी ने पत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गृह एवं कारा विभाग का प्रभारी मंत्री बताते हुए कहा है कि होटवार जेल में बार-बार सामने आ रहे गंभीर मामलों की प्रशासनिक जवाबदेही से सरकार अलग नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि जब हाईकोर्ट पहले ही राज्य की जांच व्यवस्था पर सवाल उठा चुका है, तब CBI जांच से परहेज करने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल निर्णय लेकर स्वतंत्र जांच, पीड़ित की सुरक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।

Tags - Hotwar Jail CaseBabulal MarandiHemant SorenJharkhand CBI InvestigationRanchi News