रांची:
Ranchi News: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। युवक की हत्या किए जाने की आशंका है। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

संत जेवियर स्कूल के पीछे मिला शव
धुर्वा थाना क्षेत्र के डैम साइड स्थित संत जेवियर स्कूल के पीछे शुक्रवार को युवक का शव बरामद किया गया। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। चेहरे पर पत्थर और किसी धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, गले पर रस्सीनुमा निशान मिलने से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका भी है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पहचान की कोशिश जारी
शव मिलने की सूचना पर धुर्वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी थानों को शव की तस्वीर भेजी गई है, ताकि उसके संबंध में जानकारी मिल सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गला दबाकर और चेहरे पर वार कर हत्या की आशंका
धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक की गला दबाकर और चेहरे पर वार कर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।