logo

केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान पहुंचे ईडी कार्यालय, रांची पुलिस अंदर ED अधिकारियों से कर रही पूछताछ

ईडी,_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में ईडी और राज्य पुलिस के बीच एक बार फिर टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। पेयजल घोटाले की जांच के बीच, रांची पुलिस की टीम 15 जनवरी की सुबह दलबल के साथ एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंची है। पुलिस यहाँ पेयजल घोटाले के अभियुक्त संतोष कुमार द्वारा ईडी अधिकारियों पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की जांच और पूछताछ करने पहुंची है। इस दौरान ईडी कार्यालय के बाहर सुरक्षा संसाधनों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों (CSF) के जवानों की तैनाती और अंदर पुलिस की मौजूदगी ने दोनों एजेंसियों के बीच नए विवाद को जन्म दे दिया है।
राज्य में ईडी और पुलिस के बीच यह कानूनी और प्रशासनिक जंग नई नहीं है। इससे पहले अवैध खनन और साहिबगंज टोल टेंडर मामले में भी दोनों एजेंसियां आमने-सामने आ चुकी हैं। राज्य सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों की पूछताछ के लिए एक 'SOP' भी तैयार किया था, जिसे ईडी ने संसद द्वारा प्रदत्त अधिकारों का उल्लंघन बताकर खारिज कर दिया था। इसके अलावा, भूमि घोटाले की जांच के दौरान भी रिश्वत के आरोपों और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जहाँ ईडी ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
और अब ताजा विवाद पेयजल घोटाले के मुख्य अभियुक्त संतोष कुमार की उस शिकायत से शुरू हुआ है, जिसमें उन्होंने ईडी अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने और साक्ष्य मिटाने का गंभीर आरोप लगाया है। एक तरफ ईडी घोटाले में ऊंची पहुंच रखने वालों की भूमिका खंगाल रही है, तो दूसरी तरफ पुलिस अब ईडी अधिकारियों की कार्यशैली की जांच कर रही है। एजेंसियों के बीच अधिकारों की यह खींचतान झारखंड की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar ranchi news ranchi khabar ranchi update ED office