logo

पूर्व पाक PM इमरान खान को 10 साल की सजा, जारी चुनाव के बीच पार्टी सिंबल भी छीना 

IMRAN3.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पूर्व पाकिस्तानी पीएम इमरान खान (Imran Khan) को एक विशेष अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने इमरान खान की पार्टी पीटीआई (Pakistan Tehreek-e-Insaf ) का पार्टी सिंबल भी निरस्त कर दिया है। इमरान खाने के खिलाफ ये फैसला ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान में आम चुनाव हो रहे हैं। पार्टी सिंबल के निरस्त होने से पार्टी अब बिना चुनाव चिह्न के ही चुनाव के मैदान में है। बता दें कि इमरान खान इस मामले में फिलहाल जेल में हैं। उनके साथ उनके कार्यकाल में विदेश मंत्री रहे शाह महमूद कुरैशी को भी 10 साल की सजा सुनाई गयी है। दोनों के खिलाफ साइफर मामले में मुकदमा चल रहा था। 

क्या है साइफर मामला 

पाकिस्तानी संविधान के अनुसार दोनों नेताओं के खिलाफ अधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मुकदम चल रहा था। इसकी सुनवाई एक विशेष अदालत में की जा रही थी। पाकिस्तान में साइफर एक राजनीतिक दस्तावेज को कहा जाता है। जिसमें देश से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियां होती हैं। पाक सरकार इन दस्तावेजों को विदेश मंत्रालय से शेयर करती है। इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। लेकिन इमरान खान ने PM पद पर रहते हुए एक साइफर दस्तावेज का हवाला देते हुए कहा था कि उनकी सरकार को अमेरिकी सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। इसके बाद पाक के सभी विपक्षी दल गोलबंद हो गये और इमरान खान को PM पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसी समय से उनके और उनके विदेश मंत्री कुरैशी के खिलाफ केस चल रहा था। 

जमानत मिलने पर भी नहीं आ सके जेल से बाहर 

हालांकि पिछले साल दिसंबर में इमरान खान और पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी को कोर्ट ने जमानत दे दी। लेकिन इस समय इमरान खान पर भ्रष्टाचार का एक और मामला चल रहा था और इस मामले में उनको गिरफ्तार किया जा चुका था। इस कारण उनको जेल से बाहर आने पर रोक दिया गया। उनके साथ कुरैशी की जमानत भी रद्द कर दी गयी। एक खबर के मुताबिक उनके साथ जेल में दुर्व्यवहार हुआ और उनको दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। बहरहाल, देश में जारी आम चुनावों के बीच अदालत के इस फैसले से इमरान खान और उनकी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।