द फॉलोअप डेस्क
अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में एक दिल दहला देने वाली घटना में ईंधन से भरी नाव में आग लग गयी। इस हादसे में 143 लोगों की जान चली गयी, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। हादसा मंगलवार को कांगो नदी पर हुआ, जहां एक लकड़ी की नाव में आग लग गयी और वह पलट गयी।
घटना इक्वेटर प्रांत की राजधानी मबंडाका के पास की है। बताया जा रहा है कि नाव में बड़ी संख्या में लोग सवार थे और उसी समय एक महिला खाना बना रही थी। खाना पकाने के दौरान अंगारे से पास रखे ईंधन में आग लग गई, जिससे जबरदस्त विस्फोट हुआ। आग तेजी से फैल गई और नाव धू-धू कर जल उठी।
घटना के बाद बुधवार को 131 शव बरामद किए गए थे, जबकि गुरुवार और शुक्रवार को 12 और शव मिले। कई शव बुरी तरह से जल चुके थे। स्थानीय नेता जोसेफ लोकोंडो के मुताबिक, कुल मौतों की संख्या 145 तक पहुंच सकती है। कुछ लोग आग में झुलसे तो कुछ डूब गए। घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिसमें नाव से भयंकर आग की लपटें उठती दिख रही हैं। पास में मौजूद छोटी नावों पर सवार लोग डर के मारे किनारे से ही नजारा देख रहे थे। हादसे के बाद कई लोग लापता हैं और परिजन अपने प्रियजनों की खोज में लगे हैं। बचाए गए कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।