logo

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारोटेफ ने जताया दुख, आज राज्यभर में दी जाएगी श्रद्धांजलि

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारोटेफ ने जताया दुख, आज राज्यभर में दी जाएगी श्रद्धांजलि

रांची: 
झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्प्लॉइज फेडरेशन (झारोटेफ) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संगठन ने उनके निधन को राज्य और सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी क्षति बताया। झारोटेफ के प्रांतीय मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार राय ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कराने समेत कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान में अहम भूमिका निभाई थी। 

मंत्री के आवास और श्मशान घाट पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
मंत्री के निधन की सूचना मिलते ही झारोटेफ के प्रांतीय अध्यक्ष विक्रांत सिंह, महासचिव उज्ज्वल तिवारी, कोषाध्यक्ष नितिन कुमार, जिला अध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा समेत संगठन से जुड़े शिक्षक और सरकारी कर्मचारी गिरिडीह पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मंत्री के आवास और श्मशान घाट पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

24 जिला मुख्यालयों में होगी श्रद्धांजलि सभा
झारोटेफ के प्रांतीय अध्यक्ष के निर्देश पर सोमवार, 7 सितंबर को झारखंड के सभी 24 जिला मुख्यालयों में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान झारोटेफ से जुड़े शिक्षक, कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल होकर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया
दिलीप कुमार राय ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक समर्पित जनप्रतिनिधि थे और राज्य के विकास के लिए लगातार कार्य करते रहे। उनके असामयिक निधन से झारखंड ने एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व खो दिया है। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने गिरिडीह पहुंचकर मंत्री के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही, शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
 

Tags - Sudivya Kumar Sonu Jharotef Jharkhand Jharkhand News Giridih News