logo

सऊदी में 650 पहुंचा हाजियों की मौत का आंकड़ा, इसमें कितने भारतीय और अब किन सवालों के घेरे में है अरब सरकार 

HAJI.jpg

द फॉलोअप नेशनल डेस्क 

सऊदी अरब में हाजियों की मौत का आंकड़ा खबर लिखे जाने तक 650 तक पहुंच गया है। इससे पूरी दुनिया के मुल्क सऊदी अरब सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। इनमें कितने भारतीय हैं इसका सही-सही आंकड़ा तो नहीं मिल पाया है लेकिन कई मीडिया रपट के मुताबिक मरने वाले हाजियों में कम से कम 70 लोग भारतीय हैं। वहीं, मरने वालों का आंकड़ा हर दिन बढ़ता जा रहा है। दो दिन पहले यानी 18 जून तक 350 लोगों के मरने की खबर आयी थी। माना जा रहा है कि सऊदी अरब में बढ़ती बेतहाशा गर्मी की वजह से मौतें हो रही हैं। वहीं कुछ लोग इसे बढ़ती भीड़ और बदइंतेजामी का परिणाम भी बता रहे हैं। 

अस्पतालों में लंबी कतारें लगीं


मिली खबरों के मुताबिक, सऊदी के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लोग अपने परिचितों का शव लेने की कोशिश कर रहे हैं। मक्का और मदीना के बीच कई अस्पतालों में लंबी कतारें लगी हैं। दूसरी ओर सऊदी अरब ने अभी तक हो रही मौतों पर कोई टिप्पणी नहीं की है और न ही मौतों की वजह बताई है। एक अधिकारी ने बताया कि मक्का के करीब अल-मुआइसम में सऊदी सरकार की इमरजेंसी सेवा है। यहां  लोग लाइन में लगकर अपने परिवार के लापता सदस्यों के बारे जानकारी मांग रहे हैं। बता दें कि इस साल दुनियाभर से 18 लाख लोग हज यात्रा में शामिल हुए हैं। इस दौरान सऊदी अरब में भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को सऊदी के कई शहरों का अधिकतम तापमान 51.8 डिग्री तक दर्ज किया गया। 

इतने भारतीयों की मौत 

एक अन्य मीडिया एजेंसी के मुताबिक एक अरब राजनयिक ने बताया कि मरने वाले हाजियों में अधिकतर लोग मिस्र के हैं। मिस्र के अलावा जॉर्डन, इंडोनेशिया, ईरान, सेनेगल, ट्यूनीशिया और इराक ने भी मौतों की पुष्टि की है। अधिकारियों ने कहा है कि मौत का आंकड़ा 300 से बढ़कर 350 हुआ और अब ये 650 से अधिक हो गया है। हज की व्यवस्था से जुड़े सऊदी अरब के एक अधिकारी ने बताया है कि हज यात्रा के दौरान 68 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। इनमें से कई बुजुर्ग थे। इनकी पहचान हो गयी है और इनके परिजनों से संपर्क की कोशिश की जा रही है। 


 

Tags - HajiDEATHSaudi ArabiaArab government