logo

Ukraine Crisis : थम जाएगा रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध, बेलारूस की सीमा पर मिले दोनों देशों के प्रतिनिधि

russia.jpg

डेस्क: 

यूक्रेन और रूस के बीच जारी हिंसक गतिरोध थमने की उम्मीद जगी है। ताजा जानकारी के मुताबिक रूस और यूक्रेन बातचीत के टेबल पर आने को राजी हो गया है। समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन का एक प्रतिनिधिमंडल रूसी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए बेलारूसी सीमा पर पहुंच गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने ये जानकारी दी। 

यूक्रेन ने वार्ता के लिए क्या शर्त रखी
इस वार्ता को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान जारी किया है। यूक्रेन का कहना है कि रूस के साथ बातचीत का उसका मुख्य लक्ष्य अथवा शर्त तत्काल युद्धविराम और रूसी सैनिकों की वापसी है। बता दें कि इससे पहले भी रूस और यूक्रेन के बीच वार्ता के जरिये गतिरोध को सुलझाने पर बातचीत की बात हुई थी लेकिन ये विफल हो गया। तब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन के साथ वार्ता विफल हो गई। हम चौतरफा हमला करेंगे। 

भारत में यूक्रेन के राजदूत ने क्या कहा
इधर भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. इगोर पोलिखा ने कहा कि हमारे बहुत सारे नागरिक हताहत हो रहे हैं। हमारे मंत्रालय की जानकारी के मतुाबिक रूसी शांति-संघर्ष अभियान के परिणामस्वरूप बम विस्फोटों और गोलीबारी की वजह से 16 बच्चों की जान गई है। यूक्रेनी राजदूत ने कहा कि मानव जीवन का इस तरह नष्ट होना कतई अच्छा नहीं है। 

कैबिनेट सचिव ने मुख्य सचिवों से बात की
दूसरी ओर भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, विशेष तौर पर छात्रों को वापस लाने को लेकर काम कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी के निर्देश पर कैबिनेट सचिव ने राज्यों के मुख्य सचिवों के सात बातचीत की है। राज्यों को इस बात की जानकारी दी गई है कि यूक्रेन से छात्रों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार क्या कर रही है। जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वो छात्रों को परिजनों से संपर्क स्थापित करें।