द फॉलोअप डेस्क
अमेरिका की प्रसिद्ध टाइम मैगजीन ने अपने ताजा कवर पेज पर एक ऐसी तस्वीर प्रकाशित की है, जो विवादों का कारण बन सकती है। इस कवर पेज पर टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क को ओवल ऑफिस के रेसोल्यूट डेस्क के पीछे कुर्सी पर बैठे हुए दिखाया गया है। यह वही कुर्सी है जिस पर अमेरिका के राष्ट्रपति बैठते हैं। इस तस्वीर को लेकर माना जा रहा है कि यह डोनाल्ड ट्रंप को भड़का सकती है, क्योंकि कुछ समय पहले टाइम ने ट्रंप की जीत पर उन्हें कवर पेज पर जगह दी थी और उस दौरान उनकी खूब सराहना की थी।
टाइम मैगजीन के कवर पेज पर एलन मस्क को हाथ में कॉफी लिए हुए, राष्ट्रपति की डेस्क के पास अमेरिकी और राष्ट्रपति के झंडों के बीच में बैठा हुआ दिखाया गया है। फोटो का बैकग्राउंड लाल रंग का है, जो और भी आकर्षक बना रहा है। यह एडिशन उस वक्त प्रकाशित हुआ है, जब ट्रंप ने मस्क को और उनके डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट इफिशिएंसी (DOGE) को केंद्रीय कर्मचारियों की छंटनी की असाधारण शक्ति दी थी। हालांकि, अमेरिकी अदालत ने मस्क के इस डिपार्टमेंट के पावर पर रोक लगा दी है।
इस मैगजीन में एलन मस्क की जमकर आलोचना की गई है। साइमन शूस्टर और ब्रायन बेनेट द्वारा लिखे गए लेख में मस्क के क्रूर अभियानों पर गहराई से चर्चा की गई है, जिनमें लाखों सरकारी कर्मचारियों को मस्क की दया पर छोड़ दिया गया है। लेख में यह भी कहा गया है, "अभी तक, मस्क किसी और के प्रति जवाबदेह नहीं दिखते, सिवाय राष्ट्रपति ट्रंप के, जिन्होंने अपने अभियान के लाभार्थी को सरकार को अपने एजेंडे के अनुरूप लाने के लिए एक व्यापक जनादेश दिया।" टाइम के सवालों का जवाब देने के बजाय, DOGE ने व्हाइट हाउस को इस मामले में टिप्पणी करने को कहा, लेकिन व्हाइट हाउस ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।