logo

New Zealand PM : जैसिंडा अर्डर्न ने किया इस्तीफे का ऐलान, भावुक स्पीच में पद छोड़ने का बताया कारण

कंबल8.jpg

डेस्क:
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न  ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। वह 7 फरवरी को अपना पद छोड़ देंगी। नेपियर में लेबर पार्टी के प्रोग्राम में उन्होंने इस्तीफे की बात कही। अपनी स्पीच के दौरान उन्होंने कहा कि मैं यह महसूस कर रही हूं कि मैं अगले कार्यकाल के लिए तैयार नहीं हूं। ऐसी बड़ी जॉब के साथ जिम्मेदारी भी बड़ी होती है। अपना भाषण के दौरान जैसिंडा काफी भावुक हो गईं। बता दें कि 22 जनवरी को उनकी जगह लेने के लिए पार्टी नए चीफ का चयन करेगी।


इस साल 14 अक्टूबर को होगा चुनाव
अपने स्पीच के दौरान उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि इस साल होने वाले चुनाव में लेबर पार्टी की ही जीत होगी। अगला आम चुनाव 14 अक्टूबर को होगा और तब तक वह एक निर्वाचक सांसद के रूप में बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस्तीफे के पीछे कोई सीक्रेट नहीं है। मैं भी इंसान हूं। मैं जितना कर सकती थी उतना किया। जितने समय तक कर सकती थी किया। और अब वक्त आ गया है कि मैं इस्तीफा दे दूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे इस्तीफे की वजह ये भी नहीं है कि मेरे लिए सरकार चलाना मुश्किल है। बल्कि मेरी इस घोषणा के बाद सरकारी एजेंसियों और राजनीतिक दलों को योजना बनने और तैयारी करने में मदद मिलेगी।


2017 में बनीं थी न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री
जैसिंडा आर्डर्न का जन्म 26 जुलाई, 1980 को न्यूजीलैंड के शहर हैमिल्टन में हुआ था। उनके पिता रॉस आर्डर्न पुलिस अफसर थे और मां लॉरेल कुक थीं। जेसिंडा को हमेशा से राजनीति में दिलचस्पी थी। इसलिए उन्होंने साल 2001 में मात्र 18 की उम्र में वह न्यूजीलैंड की लेबर पार्टी से जुड़ गई थीं। तत्कालीन प्रधानमंत्री हेलेन क्लार्क के लिए रिसर्चर के तौर पर काम करती थीं। जिसके बाद साल 2017 में महज 37 साल की उम्र में वह न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री बनीं। आर्डर्न न्यूजीलैंड की सबसे कम उम्र में प्रधानमंत्री बनीं थीं। तब से लेकर अब तक कई संकटों का बेहतर तरीके से सामना करने के लिए कारण वह बहुत लोकप्रिय हुईं।