logo

पाकिस्तान : सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी बस, 3 महिला सहित 20 के मरने की खबर

bus211.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पाकिस्तान से बड़े सड़क हादसे की खबर आ रही है। यहां एक यात्री बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें 3 महिला सहित 20 लोगों की मौत हो गयी है। मिली खबर के मुताबिक हादसे के समय बस में 32 लोग सवार थे। 20 लोगों की मौत के साथ 15 मुसाफिरों के घायल होने की खबर है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। खबर लिखे जाने तक बस और खाई में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है। स्थानीय पाक अफसरों ने बताया है कि मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। हादसा पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम में गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के डायमेर जिले में काराकोरम नेशनल हाईवे पर हुआ है। 


ऐसे हुआ हादसा 

घटना स्थल के पास मौजूद लोगों ने बताया है बस बस रावलपिंडी से हुंजा जा रही थी। उन्होंने बताया कि चालक ने अधिक रफ्तार के काऱण बस पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद तेज रफ्तार बस सड़क पर से फिसलती हुई खाई में जा गिरी। इससे सड़क किनारे लगी रेलिंग भी टूट गयी। वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसका अभी ठीक-ठीक पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस बात की तस्दीक की गयी है कि मरने वालों में तीन महिलाएं हैं और कुल मृतकों की संख्या 20 है। राहत कार्य जारी है। कई मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पायी है।

 
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या 

अधिकारियों ने कहा है कि मरने वालों संख्या और अधिक हो सकती है। कहा, संभव है कि कुछ शव बस के अंदर अभी भी फंसे हुए हों। घाटी क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में भी दुश्वारी पेश आ रही है। इधर, गिलगित-बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री हाजी गुलबार खान ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन को निर्देश दिया है। दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि एडमिट लोगों में कई की हालत गंभीर है। इस कारण भी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।  

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -                    

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn

 


 

Tags - PakistanRoad Accidentdeadaccident