बुंडू
ग्राम बेसराडीह, बुंडू के निवासी कृष्णा मुंडा रोजगार की तलाश में चेन्नई जा रहे थे। दुर्भाग्यवश रास्ते में हुए रेल हादसे में उनका निधन हो गया। यह घटना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। आज पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा बेसराडीह पहुंचे और दिवंगत कृष्णा मुंडा के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस दुःखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन कृष्णा मुंडा जी के पार्थिव शरीर को वापस पैतृक गांव लाने में असमर्थ हैं। बीते तीन दिनों से उनका पार्थिव शरीर वहीं पड़ा हुआ है। इसकी सूचना मिलने के बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बेसराडीह लाने के लिए आवश्यक प्रयास शुरू किए गए हैं। अर्जुन मुंडा ने कृष्णा मुंडा का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके गांव पहुंचाने के संबंध में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार एवं उपायुक्त, रांची से बात की और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि परिजनों को इस कठिन परिस्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पार्थिव शरीर शीघ्र सम्मानपूर्वक गांव पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने पड़े हैं
अर्जुन मुंडा ने राज्य के माइग्रेंट सेल की कार्यप्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बीते दिनों में भी रोजगार के लिए झारखंड से बाहर गए कई लोगों की मृत्यु के बाद उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने पड़े हैं। ऐसी परिस्थितियों में माइग्रेंट सेल का सक्रिय और संवेदनशील होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले झारखंड के श्रमिकों का समुचित एवं अद्यतन डेटा रखने के साथ एक प्रभावी और त्वरित सहायता तंत्र विकसित करना चाहिए। संकट की स्थिति में प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों को तत्काल सरकारी सहायता मिलनी चाहिए।
सहायता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी
अपने लोगों की जानकारी रखना और विपत्ति के समय उनकी सहायता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसी परिवार को अपने परिजन का पार्थिव शरीर वापस लाने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़े, ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। अर्जुन मुंडा ने दिवंगत कृष्णा मुंडा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें