logo

लीजेंड लीग : गंभीर की फिफ्टी पर भारी इरफान की आतिशी पारी, भीलवाड़ा किंग्स ने इंडिया कैपिटल्स को 3 विकेट से दी मात

a219.jpeg

रांची:

रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले गए लीजेंड लीग क्रिकेट के पहले मुकाबले में इरफान पठान की कप्तानी वाली भीलवाड़ा किंग्स ने गौतम गंभीर की कप्तानी वाली इंडिया कैपिटल्स को 3 विकेट से हरा दिया। इंडिया कैपिटल्स ने कप्तान गौतम गंभीर के 63 औ एडवर्ड्स के 59 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 228 रन बनाए थे जिसे भीलवाड़ा किंग्स ने कप्तान इरफान पठान को 19 गेंदों में खेली गई नाबाद 65 रनों की पारी की बदौलत हासिल कर लिया। 

इंडिया कैपिटल्स ने 228 रन बनाए थे
मैच में टॉस जीतकर भीलवाड़ा किंग्स के कप्तान इरफान पठान ने इंडिया कैपिटल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग करने आए हाशिम अमला केवल 3 रन बना सके। हालांकि, कप्तान गौतम गंभीर ने 35 गेंदों में 63 रन बनाए वहीं एडवर्ड्स ने 31 गेंदों पर 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रनों की पारी खेली। इंडिया कैपिटल्स के लिए बेन डंक ने महज 16 गेंदों में तेज-तर्रार 37 रन बनाए। एश्ले नर्स ने 20 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को 228 रनों तक पहुंचाया। भीलवाड़ा किंग्स के लिए अनुरीत सिंह ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए।

इरफान पठान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भीलवाड़ा किंग्स के लेंडल सिमंस के रूप में पहला झटका लगा। वह 11 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, श्रीलंका के पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान भी महज 1 रन बना सके। रोबिन बिस्ट ने 30 रन बनाया वहीं सोलोमन ने 40 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। यूसुफ पठान भी 6 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। 14वें ओवर में 135 के स्कोर पर भीलवाड़ा किंग्स के आधे बल्लेबाज आउट हो चुके थे। आखिरी में इरफान पठान ने 19 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। इंडिया कैपिटल्स के लिए इसुरू उडाना ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।