द फॉलोअप नेशनल डेस्क
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उम्मीदवार के रूप में चुना है। यह घोषणा रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान की। राधाकृष्णन इस समय महाराष्ट्र के 24वें राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं, उन्होंने जुलाई 2024 में यह पद संभाला था।
तमिलनाडु के मूल निवासी चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन का राजनीतिक सफर काफी लंबा और विविध रहा है। उन्होंने मात्र 16 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और जनसंघ के माध्यम से राजनीति में कदम रखा था। बाद में वह भाजपा से जुड़े और कोयंबटूर से दो बार—1998 और 1999 में—लोकसभा सांसद चुने गए। इसके अलावा वे 2003 से 2006 तक भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे।
महाराष्ट्र के राज्यपाल बनने से पहले, राधाकृष्णन 18 फरवरी 2023 से 30 जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान उन्हें मार्च 2024 से लेकर जुलाई/अगस्त 2024 तक तेलंगाना और पुदुचेरी का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया था।