logo

ध्रुवीकरण और भेदभाव ही भाजपा और केंद्र सरकार की मूल नीति बन चुकी है : बंधु तिर्की

BANDHU_TIRKEY1.jpg

रांची
झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया। कहा, ध्रुवीकरण और समाज में भेदभाव को बढ़ावा देना अब भाजपा की घोषित नीति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा ही समाज को धर्म, जाति और समुदाय के नाम पर बांटने की रही है, जिसे मौजूदा केंद्र सरकार खुलकर लागू कर रही है।
बंधु तिर्की ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सर्वोच्च न्यायालय पर "धार्मिक युद्ध भड़काने" का आरोप लगाने वाले बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि दुबे जैसे नेता अपने उत्तेजक, विरोधाभासी और तथ्यहीन बयानों से न तो सरकार की असफलताओं को छुपा सकते हैं, न ही न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर संविधान की मूल भावना को चुनौती दे सकते हैं।


उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास विविधता में एकता का रहा है, जहाँ सभी धर्मों के लोग परस्पर सम्मान और सहिष्णुता के साथ रहते आए हैं। यही भावना हमारे संविधान में भी झलकती है, जिसे संविधान सभा के सदस्यों ने बड़ी सोच-समझ के साथ निर्मित किया था। बंधु तिर्की ने उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ द्वारा सुप्रीम कोर्ट पर की गई टिप्पणी को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों से इस तरह की टिप्पणियाँ न केवल अनुचित हैं, बल्कि इससे देश के लोकतंत्र और न्यायिक व्यवस्था की नींव को भी कमजोर करने की कोशिश होती है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों किरण रिजिजू, मनन मिश्रा और सांसद निशिकांत दुबे समेत कुछ अन्य नेताओं के बयानों को "सुनियोजित हमला" करार दिया और कहा कि यह सब एक रणनीति के तहत हो रहा है, ताकि जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाया जा सके और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमज़ोर किया जा सके। बंधु तिर्की ने दो टूक कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष गणराज्य है, जहाँ संविधान सर्वोपरि है और सुप्रीम कोर्ट उसकी सर्वोच्च व्याख्या संस्था। सरकार को यह याद रखना चाहिए कि वह संविधान के दायरे में ही कार्य करती है और उस पर किसी भी प्रकार का हमला या अवमानना लोकतंत्र के लिए घातक हो सकता है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest