रांची
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा ने आज धूमधाम से सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की। इस दौरान पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। मौके पर मिठाइयां बांटी गईं, रक्तदान शिविर आयोजित हुए, गरीबों के बीच वस्त्र और फल वितरित किए गए। स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की गई तथा वृक्षारोपण और चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
सुबह प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भगवान बिरसा मुंडा की समाधि स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने चुटिया में, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने हरमू स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में प्रतिमा की सफाई की। प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू तथा डॉ. प्रदीप वर्मा ने ओरमांझी और टाटीसिलवे में स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। वहीं, सरला बिरला विश्वविद्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया। ओरमांझी में सांसद आदित्य साहू ने गरीब महिलाओं के बीच वस्त्र वितरित किए।
प्रदेश कार्यालय और रातू रोड पर प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्घाटन बाबूलाल मरांडी, डॉ. रविंद्र कुमार राय, कर्मवीर सिंह, विधायक सी.पी. सिंह समेत कई नेताओं ने किया। शाम को प्रदेश कार्यालय में दीप प्रज्ज्वलन कर लड्डू और खीर बांटकर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी जी मां भारती के सच्चे सपूत हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने गांव, गरीब और किसान की सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत विश्व में तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है और विकसित भारत का सपना पूरा होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की।
.jpg)
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने मोदी को ‘महामानव’ बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास का संकल्प मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। जनजातीय समाज का गौरव बढ़ा है और बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना इसी का प्रतीक है।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने "सेवा ही संगठन" के मंत्र को धरातल पर उतारा है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, विकास प्रीतम, सुनीता सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, शशांक राज समेत सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
