पीयूष मिश्रा/गिरिडीह
गिरिडीह जिले के घोडथम्बा ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोरण्डा स्थित एक विदेशी शराब दुकान में मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। इस संबंध में दुकानकर्मी पवन कुमार राय ने घोडथम्बा ओपी में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित पवन कुमार राय के अनुसार, 5 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे सुधीर पांडेय, पप्पू शर्मा, रंजीत सिंह और मंटू राम जबरन दुकान में घुस गए। आरोप है कि सभी हथियार से लैस थे और काउंटर के अंदर घुसकर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान पवन कुमार राय घायल हो गए। आरोपियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और कई शराब की बोतलें भी फोड़ दीं।

नकदी लूटने और रंगदारी मांगने का आरोप
दुकानकर्मी ने आरोप लगाया है कि हमलावर काउंटर से करीब 1 लाख 71 हजार 700 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। साथ ही हर महीने एक पेटी शराब और पांच हजार रुपये रंगदारी देने की मांग की गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस जांच में खंगाल रही है।
.jpg)
आरोपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं आरोपी मंटू राम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि दुकान में अधिक कीमत वसूले जाने का विरोध करने पर विवाद हुआ था। इधर घोडथम्बा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी सुधीर पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।