साहिबगंज:
दिल्ली की ‘श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड’ का मामला देशभर में अभी ठंडा भी नहीं पड़ा है कि झारखंड के साहिबगंज से जनजातीय समुदाय की महिला के साथ ऐसी ही हैवानियत का मामला सामने आया है। साहिबगंज के बोरियो में एक पति ने क्रूरता की हर हद को पार कर दिया। पति दिलदार अंसारी ने अपनी पत्नी रबिका पहाड़िन की हत्या कर 12 टुकड़े किए। उसके बाद उसे बोरे में बंद कर घर पर रखा। फिर शव के कुछ टुकड़े को मोहल्ले के आसपास सुनसान जगहों पर फेंका। मामले का खुलासा तब हुआ जब लोगों ने कुत्तों को इंसान का मांस खाते हुए देखा। स्थानीय लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते से तुरंत छापेमारी शुरू की और आरोपी को हिरासत में लिया। इस खुलासे के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

शव के कई टुकड़े बरामद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला शनिवार का है। जब पुलिस को स्थानीय लोगों द्वारा मामले की जानकारी दी गई। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर दल-बल के साथ पहुंची। पुलिस ने शव के टुकड़ों को कब्जे में लिया और छानबीन शुरू की। फिर पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस आरोपी के निशानदेही पर शव के टुकड़े जमा करने में लगी है।उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र से तकरीबन 300 मीटर दूर स्थित मांझटोला के एक बंद पड़े मकान से शव के कई और टुकड़े बरामद किए हैं। कुछ टुकड़े फर्श पर बिखरे हुए थे तो वहीं कुछ टुकड़ों को बोरे में भरकर रखा गया था। लेकिन महिला का सिर अब भी पुलिस को नहीं मिला है।

सवालों का जवाब नहीं दे रहा आरोपी
मृतक महिला की पहचान दिलदार अंसारी की दूसरी पत्नी के रूप में हुई है। मामले में बोरियो पुलिस दिलदार को हिरासत में लेकर देर रात पूछताछ कर रही थी। हत्या की स्पष्ट कारण का अबतक पता नहीं पाया है। लेकिन आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि दोनों साथ रहते थे। दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। एक दिन गुस्से में आकर युवक ने इस घटना को अंजाम दे दिया। इसकेअलावा आरोपी ने अबतक पुलिस के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया है। इस मामले के बाद पुलिस एक्शन मोड में हैं कई वरिष्ठ अधिकारी जिनमें साहिबगंज के एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी साहेबगंज में कैंप कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस अनुमान लगा रही है कि महिला की हत्या के बाद उसके शव को इलेक्ट्रीक कटर जैसी किसी धारदार चीज से काटा गया है। हालांकि, यह जांच का विषय है।