रांची
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने आज होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित एक दिवसीय AHPI Conclave में शिरकत की और राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों और योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवा को किफायती, न्यायसंगत और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर प्रगति हो रही है। उन्होंने AHPI की पूरी टीम को इस अहम आयोजन के लिए बधाई दी और इसे झारखंड के सर्वांगीण विकास में एक सकारात्मक कदम बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड देश के खनिज संसाधनों का 40% हिस्सा अकेले उपलब्ध कराता है, बावजूद इसके 18 वर्षों तक रही भाजपा की सरकारों ने स्वास्थ्य क्षेत्र को उपेक्षित रखा। परिणामस्वरूप राज्य की बड़ी आबादी आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस मौके पर रिम्स-2 की योजना का भी जिक्र किया और बताया कि राज्य में उच्च क्षमता और संसाधनों से युक्त अस्पतालों की कमी को दूर करने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि जल्द ही जनता को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रिम्स-2 की सौगात दी जाए। मुख्यमंत्री और मैं स्वयं इस परियोजना की निगरानी कर रहे हैं।”
मंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि वे द्वेष की भावना से विकास योजनाओं में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “विपक्ष लाख कोशिश करे, लेकिन रिम्स-2 की योजना पूरी होकर रहेगी और राज्य की जनता को इसका लाभ जल्द मिलेगा।” इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई संस्थानों के विशेषज्ञों ने भी विचार साझा किए और राज्य में मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने पर बल दिया।