द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की रांची रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक छोटेलाल पांडेय पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के पिता के अनुसार 31 मई को आरोपी छोटेलाल पांडेय घर आया और उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर गौरी नदी की ओर ले गया। पूरी रात लड़की आरोपी के साथ रही। एक जून को परिजनों ने लड़की को गौरी नदी के पास बदहवास हालत में पाया। घर लौटने के बाद लड़की ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इस घटना से आहत लड़की ने 3 जून को आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने उसे समय रहते बचाया और सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से हजारीबाग रेफऱ किया गया। फिर रांची रिम्स में उसका इलाज चल रहा था। 5 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
घटना के बाद आरोपी छोटेलाल पांडेय फरार है। पीड़िता के परिजन अपनी बेटी के इलाज में व्यस्त रहने के कारण मामले की सूचना देर से पुलिस को दे पाए। अब पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। डीएसपी मुख्यालय रतिभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें महिला थाना प्रभारी और चंदवारा थाना प्रभारी शामिल हैं। टीम ने पीड़िता के घर जाकर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।