logo

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे विमान हादसे की जगह, मंत्री-अधिकारियों से ली जानकारी

ahem.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री रामनोहन नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी उस स्थान पर भी पहुंचे जहां विमान मेघाणीनगर इलाके में एक हॉस्टल पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से हालात की पूरी जानकारी ली और दुर्घटना के तुरंत बाद शुरू किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इस भीषण हादसे में अब तक कुल 266 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। इनमें से 241 यात्री विमान में सवार थे, जबकि 25 अन्य लोग घटनास्थल पर मौजूद थे, जब विमान रिहायशी इलाके में गिरा। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल हैं।

हादसे में घायल लोगों से मिलने प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद सिविल अस्पताल भी पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस हादसे के बाद एयर इंडिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए हैं, ताकि पीड़ित यात्रियों के परिजनों को हरसंभव सहायता और जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

गौरतलब है कि एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों के भीतर बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान तकनीकी समस्या के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल 242 लोग, जिसमें यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे, सवार थे। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिकों के अलावा ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के नागरिक भी शामिल थे। सरकार ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं, और प्रारंभिक रिपोर्ट आने तक सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।