द फॉलोअप डेस्क, रांची:
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि, पूजा सामग्रियों की आसमान छूती कीमतों ने छठ व्रतियों की पेशानी पर बल ला दिया है। मेवा, सूखे फल, मसाले, घी, गुड़ और चीनी की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर जेब पर पड़ेगा। बाजार में पूजा सामग्री 15-20 फीसदी तक महंगी हो गई है। कुछ सामान तो 40 से 80 फीसदी तक महंगे हैं। सेब, संतरा और आंवला की कीमतें आसमान छू रही हैं। पिछले साल जो अखरोट 700 रुपये प्रति किलो था, इस वर्ष 1000 रुपये किलो बिक रहा है। छुहाड़ा 200 से बढ़कर 300, बादाम 800 रुपये से बढ़कर 1200 और 1500 रुपये प्रति किलो, छोटी इलायची 3500 रुपये से बढ़कर 5000 रुपये प्रति किलो, मखाना 1000 रुपये से बढ़कर 1200-1600 रुपये प्रति किलो, मूंगफली 150 रुपये से 200 रुपये प्रति किलो तो वहीं धूप-धूमन की कीमत 70 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो और सुपाड़ी 600 रुपये से बढ़कर 800 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

दाल-चावल की कीमतों में भी हुआ इजाफा
चना दाल 100 से बढ़कर 110 रुपये, चना 90 रुपये से बढ़कर 100 रुपये, गोल्डन आटा 55 रुपये से बढ़कर 60 रुपये, घी 650 रुपये से बढ़कर 710 रुपये, गुड़ 60 रुपये से बढ़कर 80 रुपये, जायका चावल 75 रुपये से बढ़कर 85 रुपये, स्टीम चावल 58 रुपये से बढ़कर 68 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है।

आंवला-सेब समेत कई फल महंगे हो गये हैं
जो आंवला पिछले साल 50 रुपये का मिलता था, इस वर्ष 70 रुपये प्रति किलो हो गया है। 80 रुपये का मिलने वाला सेब 100 रुपये प्रति किलो का मिल रहा है। 70 रुपये का पानीफल इस वर्ष 50 रुपये में ही उपलब्ध है। अमरुद की कीमतें 80 रुपये से बढ़कर 70 से 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। संतरे की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। 60 रुपये का संतरा इस वर्ष 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।