द फॉलोअप डेस्क
झारखंड पुलिस की ओर से नक्सली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लगातार सफलताएं मिल रही हैं। नक्सली गिरफ्तार हो रहे हैं साथ ही भारी मात्रा में गोला-बारुद व हथियार भी बरामद करने में पुलिस सफल हो रही है। इस कड़ी में लातेहार पुलिस को भी बड़ी सफलता हाथ लगी है। भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह उर्फ चंदन सिंह खेरवार उर्फ संजीवन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित माईल निवासी जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह पर सरकार ने 10 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। इधर, गिरफ्तार जोनल कमांडर की निशानदेही पर सुरक्षाबलों ने दो इंसास राइफल, 370 गोली सहित अन्य समान बरामद कर लिया है। मालूम हो कि बैजनाथ सिंह पर 68 कांड दर्ज हैं। ये भी सिर्फ तीन जिले यानि लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिला के विभिन्न थानों में दर्ज है।

पुलिस को लगातार मिल रही थी सूचना
नक्सली की गिरफ्तारी के संबंध में रविवार को लातेहार एसपी अंजनी अंजन ओर रेंज के आईजी राजकुमार लकड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई दिनों से लातेहार पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि भाकपा माओवादी संगठन का एक दस्ता जो सेंट्रल कमेटी मेंबर सौरभ यादव उर्फ मारकश बाबा एवं रिजनल कमिटी मेंबर सूजीत जी उर्फ छोटू खेरवार के नेतृत्व में मनिका एवं हेरहंज थाना क्षेत्र सीमावर्ती इलाके में सक्रिय है। हथियार बंद सदस्य द्वारा किसी अप्रिय नक्सली घटना को अंजाम देने एवं क्षेत्र में विकास कार्य में लगे ठेकेदार, कोल व्यवसायी एवं ईट भट्टा मालिक लेवी/रंगदारी लेने तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से जमा हुए हैं। इसके बाद लातेहार एसपी के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन करते हुए विशेष अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान हेरहंज थाना क्षेत्र के सिकीद जंगल से एक व्यक्ति को एक ऑटोमेटिक 5.56 एमएम इन्सास रायफल और भारी मात्रा में गोली, पाउच के साथ गिरफ्तार किया। उक्त व्यक्ति का नाम पूछने पर उसने अपना जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह बताया। वहीं, दस्ता के अन्य 10-11 दस्ता के सदस्य घना जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।

गिरफ्तार नक्सली का मुख्य काम था लेवी वसूलना
छापामारी दल के द्वारा सर्च के दौरान से ही एक और ऑटोमेटिक 5.56 एमएम इन्सास रायफल, भारी मात्रा में गोली, पाउच बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह उर्फ चंदन सिंह खेरवार उर्फ संजीवन इस दस्ता में प्रमुख रूप से जनसंपर्क का काम देखता था। उसका मुख्य काम क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों में लगे ठेकेदारों, बड़े व्यसायियों, ईंट भट्ठा मालिक से लेवी वसूली करना था। इतना ही नहीं अपने दस्ता सदस्य के साथ मिलकर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुचाने के लिए कई बार IED ब्लास्ट किया जिससे हमारे कई सुरक्षाबल शहीद हुए। निर्दोष ग्रामीण एवं महिलाएं, घायल हुए और मारे गए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT