द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के बड़ा हुटार गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां लगभग 16 वर्षीय किशोर रतिया उरांव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार देर रात की है।
थाना के एसआई उपेंद्र पाठक ने बताया कि उन्हें शुक्रवार देर रात घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद किया। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रतिया उरांव मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इस पर उसके बड़े भाई राजू उरांव ने उसे डांटते हुए कहा कि यह पढ़ाई का समय है और तुम दिनभर मोबाइल में लगे रहते हो। राजू ने रतिया से मोबाइल ले लिया और उसे छिपा दिया। इससे रतिया को बहुत गुस्सा आया।
जब घर पर कोई नहीं था, तो रतिया ने घर की छत के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक रतिया का पता न चलने पर उसकी मां ने उसे ढूंढना शुरू किया। एक कमरे में मां ने रतिया का शव फंदे से झूलता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने घाघरा पुलिस को घटना की सूचना दी।
