द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
Bokaro News:- बोकारो से लापता पप्पू चौहान और गुमला से लापता अंजू कुमारी की तलाश अब देशभर में की जाएगी। सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक की पहल पर दोनों से जुड़ी तस्वीर, पहचान और मामले की जानकारी देशभर के 17 हजार से अधिक पुलिस थानों तक भेजी गई है। सीआईडी ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के डीजीपी, पुलिस आयुक्तों और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर इन दोनों की तलाश में सहयोग मांगा है। इसके साथ ही संबंधित राज्यों की पुलिस ने अपने स्तर से भी खोजबीन शुरू कर दी है।

2024 से लापता हैं बोकारो के पप्पू चौहान
बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के दुंदीबाग बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाले 35 वर्षीय पप्पू चौहान 25 अक्टूबर 2024 से लापता हैं। उनके लापता होने के संबंध में बीएस सिटी थाना में मामला दर्ज है। लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अब पप्पू की तलाश झारखंड के बाहर भी की जा रही है। गुमला की अंजू कुमारी जब लापता हुई थीं, उस समय उनकी उम्र 17 वर्ष थी। अब वह 29 साल की हो चुकी हैं। मानव तस्करी और अपहरण से जुड़े मामले में गुमला के एमपीटीयू थाना में केस दर्ज है। अंजू के लापता होने के 12 साल बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसी वजह से अब उनकी तस्वीर और पहचान से जुड़ी जानकारी देशभर के पुलिस थानों तक पहुंचाई गई है।

धुर्वा के मामले में भी जारी हो चुका है हू एंड क्राई नोटिस
रिपोर्ट के मुताबिक, धुर्वा से अपहृत अंश और आशिका की तलाश के लिए जनवरी 2026 में हू एंड क्राई नोटिस जारी कर देशभर में सूचना प्रसारित की गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को बरामद कर लिया था। पुलिस का आधिकारिक हू एंड क्राई नोटिस लापता व्यक्ति की जानकारी दूसरे राज्यों की पुलिस और एजेंसियों तक पहुंचाने का एक माध्यम है। सुराग नहीं मिलने की स्थिति में अंतरराज्यीय स्तर पर तलाश के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।