द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के डूमरडीहा गांव में अवैध ईंट भट्ठे के कारण करंट की चपेट में आकर दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चों की पहचान 8 वर्षीय गुलाब हांसदा (निवासी डूमरडीहा) और 12 वर्षीय शुक्रमणि कुमारी (निवासी चतरो चट्टी, बोकारो) के रूप में हुई है। दोनों पास के खेतों में घूमने गए थे, इसी दौरान अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तारों की चपेट में आ गए।
अंचल अधिकारी नित्यानंद दास ने पुष्टि की है कि गांव में अवैध रूप से एक ईंट भट्ठा संचालित किया जा रहा था, जहां बिना किसी अनुमति के बिजली की लाइन बिछाई गई थी। इसी तार ने मासूमों की जान ले ली। घटना की जानकारी मिलते ही विष्णुगढ़ के अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मृतकों के परिजनों ने भट्ठा संचालक के खिलाफ विष्णुगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग की है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
