द फॉलोअप डेस्क
बिहार के औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेहुटी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। तालाब में डूबने से 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 7 वर्षीय प्रिंस कुमार और 5 वर्षीय विनोद कुमार शामिल हैं। दोनों बच्चे गांव के पास स्थित तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान प्रिंस का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया। उसे डूबता देख विनोद ने तुरंत उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तालाब गहरा होने की वजह से दोनों डूब गए।
जब दोनों बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिवारवालों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के पास पहुंचने पर प्रिंस का शव पानी में तैरता मिला। यह देखकर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत विनोद की भी तलाश शुरू की और कुछ देर बाद उसका शव भी तालाब से निकाल लिया गया। परिजन बच्चों को जीवित समझकर तुरंत सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि यह एक हादसा था और मामले की जांच जारी है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।