द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार राज्य में 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की योजना चला रही है, वहीं हजारीबाग जिले के ओकनी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक साधारण परिवार को 52 लाख रुपये का बिजली बिल भेजा गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उनके घर में सिर्फ दो पंखे, छह बल्ब और एक फ्रिज है। इतनी सीमित खपत के बावजूद इतनी बड़ी रकम का बिल आना समझ से बाहर है। इस अप्रत्याशित बिल को लेकर परिवार पिछले कई दिनों से बिजली विभाग के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उन्हें कोई समाधान नहीं मिला है। परिवार की चिंता अब पूरे मोहल्ले की चर्चा बन चुकी है।
